जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है, जहां तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों ने दिनदहाड़े एक किसान से 11 लाख 80 हजार रुपये लूट लिए। यह वारदात जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में हुई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
छत्तीसगढ़ के बालोद में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और ऑयल टैंकर की टक्कर में दो की मौत, तीन गंभीर
जानकारी के मुताबिक, किसान गिरीश देवांगन नकद रकम लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और सुनसान स्थान पर उसे रोककर बैग में रखी पूरी रकम लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पीड़ित किसान से पूछताछ कर घटनास्थल के आसपास के संभावित चश्मदीदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




