नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका ने रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। मेहमान टीम ने 359 रनों का विशाल लक्ष्य 49.3 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह भारत की सरजमीं पर किसी विदेशी टीम द्वारा किया गया दूसरा सबसे सफल रन चेज है। इससे पहले 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने भी भारत में 359 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। साथ ही यह साउथ अफ्रीका का भारत में अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ (101) और विराट कोहली (102) ने शतक जड़े जबकि कप्तान केएल राहुल ने नाबाद 66 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 24 रनों की उपयोगी पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए कोहली और गायकवाड़ के बीच 195 रनों की साझेदारी हुई। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने दो विकेट लिए जबकि लुंगी एनगिडी और नांद्रे बर्गर को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही लेकिन ऐडन मार्करम के शतक (109) के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस (63) और मैथ्यू ब्रीट्जके (51) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
तीसरा और निर्णायक वनडे मैच अब 7 दिसंबर को कोलकाता में खेला जाएगा।




