सतारा। महाराष्ट्र के सतारा जिले के कोरेगांव तालुका में 27 वर्षीय काजल विकास खाकुर्डिया ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को हैरान कर दिया। काजल ने शुक्रवार को क्रांतिसिंह नाना पाटिल सरकारी जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। इससे पहले काजल दो बार डिलीवरी में जुड़वां बच्चे और एक बेटी को जन्म दे चुकी हैं, जिसके बाद वह अब सात बच्चों की मां बन गई हैं।
बच्चों को ICU में रखा गया
चारों नवजातों का वजन 1200 से 1600 ग्राम के बीच है, जिसके कारण उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, मां और चारों बच्चे स्वस्थ हैं, लेकिन कम वजन के चलते बच्चों की विशेष देखभाल की जा रही है। डिलीवरी डॉक्टर देसाई, डॉक्टर सलमा इनामदार, डॉक्टर खडतरे, डॉक्टर झेंडे और डॉक्टर दीपाली राठौड़ की टीम ने की।
परिवार में खुशी का माहौल
काजल के पति विकास गुजरात के रहने वाले हैं और पुणे में राजमिस्त्री का काम करते हैं। काजल एक सामान्य परिवार से हैं। चार बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी की लहर है। काजल की पहली डिलीवरी में जुड़वां बच्चे, दूसरी में एक बेटी और अब तीसरी डिलीवरी में चार बच्चे हुए हैं।
डॉक्टरों ने जताई थी चिंता
डॉक्टरों ने बताया कि डिलीवरी से पहले उन्हें चिंता थी, लेकिन ऑपरेशन सफल रहा। ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जैसे पाकिस्तान में एक महिला ने सात और मोरक्को में एक महिला ने नौ बच्चों को एक साथ जन्म दिया था।




