बिलासपुर। स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में 14 से 20 नवंबर तक साइंस कॉलेज मैदान में भव्य स्वदेशी मेला का आयोजन किया जा रहा है। एक सप्ताह तक चलने वाला यह मेला पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मेले में बच्चों, युवाओं और बड़ों के लिए विविध प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प के स्टॉल विशेष आकर्षण रहेंगे। लघु उद्यमी भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ मेले में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं और स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे।
Read Also- बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल, दो अलग-अलग मामलों में तीन गिरफ्तार
छह दिवसीय इस मेले में शिशु वेशभूषा स्पर्धा, रंग भरो प्रतियोगिता, वॉयस ऑफ बिलासपुर, चित्रकला प्रतियोगिता, समूह नृत्य, मेहंदी, रंगोली और केश सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
मेले का शुभारंभ 14 नवंबर, शुक्रवार को शाम 7 बजे होगा। उद्घाटन उप-मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे। इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी और सभापति विनोद सोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।




