नई दिल्ली. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट के दौरान चयन समिति की बैठक में टीम का ऐलान किया गया, जिसमें केएल राहुल को वनडे टीम की कमान सौंपी गई। यह जिम्मेदारी उन्हें कप्तान शुभमन गिल और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट के कारण गैरहाजिरी में दी गई है। गिल को कोलकाता टेस्ट में चोट लगी थी, जबकि अय्यर ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वनडे मैच में चोटिल हुए थे और तब से टीम से बाहर हैं।
राहुल लगभग दो साल बाद वनडे टीम की कप्तानी करेंगे। पिछली बार भी वे 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही वनडे सीरीज में कप्तान बने थे। इस बार सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर को रांची से होगी।
स्क्वॉड में विराट कोहली और रोहित शर्मा को शामिल किया गया है। टीम में चार खिलाड़ियों की वापसी हुई है, जिसमें सबसे अहम नाम रवींद्र जडेजा का है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर रखा गया था, जिसके बाद उनके वनडे करियर को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया था कि जडेजा चयन योजनाओं का हिस्सा हैं।
जडेजा की तरह ऋषभ पंत भी वनडे फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद यह उनकी पहली वनडे सीरीज होगी। हालांकि, उस टूर्नामेंट में उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा को भी टीम में जगह दी गई है।
गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह को लगातार आराम दिया गया है। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी इस सीरीज से ब्रेक मिला है। जडेजा की वापसी के चलते स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को इस बार टीम से बाहर किया गया है।
सीरीज के मैच 30 नवंबर को रांची, 3 दिसंबर को रायपुर और 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेले जाएंगे।




