बलरामपुर। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके ही पति और ससुराल पक्ष ने एक सप्ताह तक बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ससुराल पक्ष की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Read Also- फर्जी नियुक्ति पत्रों का खेल! 14 युवाओं से 4.5 करोड़ की ठगी, दुर्ग में दर्ज हुई एफआईआर
पीड़िता के अनुसार, उसका पति आकाश तिवारी लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। महिला ने बताया कि आकाश का एक अन्य महिला से अवैध संबंध है, जिसे लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होते थे। प्रताड़ना की घटना में आकाश ने क्रूरता की सभी सीमाएं पार कर दीं। उसने बेरहमी से पिटाई करने के बाद गर्म चिमटे से शरीर को जलाया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे गर्म पानी में डुबाने की कोशिश की, जिससे उसकी जान मुश्किल से बची।
Read Also- दर्दनाक हादसा: NH-30 पर बेकाबू कार पुल से टकराई, पल भर में बनी आग का गोला, चार युवक जिंदा जले
किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता वहां से भागने में सफल रही और सीधे त्रिकुंडा थाने पहुंची। उसने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Read Also- राज्य के 11 जिलों को मिला कैटरेक्ट ब्लाइंडनेस बैकलॉग फ्री स्टेटस, दृष्टिहीनता रोकथाम में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी उपलब्धि
त्रिकुंडा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और भारतीय दंड संहिता की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। ससुराल पक्ष की संलिप्तता की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि यदि साक्ष्य मिले, तो अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़िता सुरक्षित है और उसका इलाज एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।




