कांकेर। जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे-30 पर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आतुरगांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पुल की रेलिंग से जा टकराई और देखते ही देखते कार में आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना 18 जुलाई की रात करीब 1 बजे की है। कार में कुल छह युवक सवार थे, जो मूरवैंड से कांकेर की ओर जा रहे थे। आतुरगांव के पास पुल निर्माण के कारण सड़क को डायवर्ट किया गया था। तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पुल की रेलिंग से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तुरंत आग लग गई।
Read Also- बस्तर संभाग में अगले पांच दिन तेज बारिश के आसार, सात जिलों में यलो अलर्ट जारी
कार में फंसे चार युवक आग की लपटों में घिर गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दो अन्य युवक किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। गंभीर रूप से घायल इन दोनों युवकों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान युवराज शोरी (चालक), हेमंत, दीपक और सूरज के रूप में हुई है। घायल युवकों का नाम प्रीतम नेताम और पृथ्वीराज सलाम बताया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक नशे की हालत में थे और जिस कार में वे सवार थे, वह कांकेर के शांतिनगर निवासी प्रशांत सिन्हा की थी, जिसे युवराज शोरी ने बिना अनुमति के ले लिया था।




