मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के अंतर्गत कोटाडोल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संविदा शिक्षक द्वारा 11वीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र शुभकरण कुजूर 21 अगस्त को बिना जूते के स्कूल पहुंचा, जिस पर नाराज शिक्षक महेंद्र प्रजापति ने उसे डंडे से बुरी तरह पीट दिया।
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र दर्द से चीखता दिखाई दे रहा है और शिक्षक लगातार उस पर वार करते नजर आ रहे हैं। मारपीट से छात्र के पैर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान उभर आए हैं।
Read Also- आर्मी आईडी निकला फर्जी, गांजा असली! बिलासपुर में दो शातिर तस्कर दबोचे
घटना की जानकारी थाने तक पहुंची, लेकिन शिक्षक द्वारा माफी मांग लेने के बाद छात्र ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। पीड़ित छात्र ने कहा कि वह कार्रवाई नहीं चाहता, क्योंकि इससे स्कूल की पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होगी।
स्कूल के प्राचार्य गुड्डूराम किस्पोट्टा ने बताया कि घटना के समय वे प्रशिक्षण के लिए मनेंद्रगढ़ गए हुए थे। वहीं, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) इस्माइल खान ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद एक जांच टीम गठित कर दी गई है। यह टीम सोमवार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




