आशीष पदमवार
बीजापुर। जिले में मंगलवार की शाम ग्राम सिराकोंटा और दम्पाया के बीच स्थित जंगल में माओवादियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान विशाल गोटे के रूप में हुई है, जो वन उपज (फुटू) एकत्र करने जंगल गया था। घटना के वक्त वह जंगल में अकेला था और अनजाने में उसने प्रेशर आईईडी पर पैर रख दिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि विशाल के पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
Read Also- महिला आरक्षक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फांसी पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर और फिर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में अत्यधिक सतर्कता बरतें। माओवादियों द्वारा जंगलों में जगह-जगह आईईडी बिछाए जाने की आशंका बनी रहती है। यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को दें। सतर्कता ही सुरक्षा की पहली शर्त है।




