Khabarwaad Bhilai: भिलाई में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने युवक पर तलवार से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने हमले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, नेवई पुलिस थाना में प्रार्थी विशाल साहू ने शिकायत दर्ज कराया कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी हर्ष साहू और उसके साथी पुराने रंजिश के चलते हाथों में तलवार-चाकू लेकर घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे. इस दौरान विशाल साहू मौका देख घर के अंदर चला गया. इसके बावजूद हर्ष साहू और उसके दोस्त घर के सामने तलवार लहराते हुए बाहर आने का दबाव बनाते रहे. जब वह बाहर नहीं आया तो आरोपी जबरन घर के अंदर घुस आए. जिससे विशाल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. इस दौरान बीच बचाव कर रहे पड़ोसी मनीष पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गए.
Read also: एक्सीडेंटल फायरिंग में एक जवान की मौत, दूसरे की हालत गंभीर,जानिए कब और कैसे हुई घटना
बदमाशों के हमले के घायल मनीष लहूलुहान हो गया, जिसे फौरन दुर्ग जिला अस्पताल लाया गया. लेकिन गंभीर चोट की वजह से उसे प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर एम्स रेफर किया गया है. फिलहाल, मनीष जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.
पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस केस में नेवई थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी हर्ष साहू, आकाश ठाकुर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अभी मारपीटमें शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है.



