नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) राहुल विजय को 232 करोड़ रुपए से अधिक की सार्वजनिक धनराशि गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घोटाला देहरादून एयरपोर्ट पर तैनाती के दौरान सामने आया।
सीबीआई की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच फर्जी लेखा प्रविष्टियों और डिजिटल रिकॉर्ड में हेरफेर कर यह साजिश रची। उसने नकली संपत्तियां तैयार कीं, मौजूदा संपत्तियों का मूल्य बढ़ाया और प्रविष्टियों में शून्य जोड़कर रकम को कई गुना बड़ा दिखाया। इस तरह हर बार ऑडिट की जांच से बचने में कामयाब होता रहा।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी ने धोखाधड़ी से निकाली गई रकम को अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर किया। सीबीआई द्वारा किए गए प्रारंभिक बैंक विश्लेषण में यह स्पष्ट हुआ कि करोड़ों की राशि सीधे उसके व्यक्तिगत खातों में जमा की गई है।
इस घोटाले का पर्दाफाश तब हुआ जब एएआई के आंतरिक ऑडिट में भारी विसंगतियां सामने आईं। बाद में गठित समिति ने यह पुष्टि की कि आधिकारिक खातों से निकाली गई रकम राहुल विजय के निजी खातों में भेजी गई थी।
सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है




