हांगकांग, 27 नवंबर। हांगकांग के ताई पो इलाके में बुधवार दोपहर एक आवासीय परिसर में लगी भीषण आग से अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 70 से अधिक लोग घायल हैं। सात ऊंची इमारतों की चपेट में आई इस आग को दशकों की सबसे भयावह घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नवीनीकरण कार्य के दौरान लिफ्ट शाफ्ट के बाहर लगाए गए अत्यधिक ज्वलनशील स्टायरोफोम और गैर-मानक स्कैफोल्डिंग सामग्री ने आग को तेजी से फैलाया। ये सामग्रियां आग लगते ही पिघलकर टपकने लगीं और कॉरिडोर के रास्ते फ्लैटों तक लपटें पहुंच गईं।
आग लगने की सूचना दोपहर करीब 2:51 बजे मिली थी। कुछ ही मिनटों में काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। बचाव कार्य लगातार जारी है और अभी भी 62 लोग इमारतों में फंसे बताए जा रहे हैं। अब तक एक महिला, एक बुजुर्ग और कई पालतू जानवरों को सुरक्षित निकाला गया है।
घटना के सिलसिले में ठेकेदार कंपनी के दो निदेशकों और एक कंसल्टेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है। जांच में पाया गया कि अनुमोदन प्राप्त न होने के बावजूद खतरनाक स्टायरोफोम और स्कैफोल्डिंग नेट का उपयोग किया गया।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और हरसंभव राहत एवं बचाव के निर्देश दिए हैं। हांगकांग के मुख्य कार्यकारी जॉन ली ने गुरुवार सुबह घायलों से अस्पताल में मुलाकात की तथा कारणों की गहन जांच के आदेश दिए।
330 मिलियन हांगकांग डॉलर की लागत वाले इस नवीनीकरण प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार की आशंका के चलते भ्रष्टाचार निरोधक विभाग भी सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने शहर भर में चल रहे सभी बड़े नवीनीकरण कार्यों की तत्काल सुरक्षा जांच के भी आदेश दिए हैं।
राहत और बचाव अभियान जारी है तथा मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।




