रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए चालू किया गया ओपन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल अचानक बंद कर दिया गया है। इस फैसले से हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी चिंता का माहौल है, वहीं महाविद्यालयों की तैयारियों पर भी पानी फिरता नजर आ रहा है।
16 जून से शुरू होनी है प्रवेश प्रक्रिया, फिर भी पोर्टल बंद
उच्च शिक्षा विभाग ने पहले ही नया शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसके अनुसार आगामी 16 जून से कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होनी है। इसी के तहत पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने 23 मई को अधिसूचना जारी करते हुए बताया था कि 24 मई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोला जाएगा। पोर्टल तय समय पर खोला भी गया, लेकिन कुछ ही दिनों में बिना किसी सूचना के उसे बंद कर दिया गया।
Read Also- RCB के लिए खत्म हुआ ट्रॉफी का वनवास, PBKS को मात देकर जीता पहला IPL खिताब
निजी विश्वविद्यालयों को मिल रहा फायदा
पोर्टल बंद होने का सीधा असर छात्रों पर पड़ा है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रुकने से वे अब निजी विश्वविद्यालयों की ओर रुख कर रहे हैं। निजी विश्वविद्यालयों में रजिस्ट्रेशन की संख्या में अचानक वृद्धि देखी जा रही है, जिससे सरकारी और अशासकीय कॉलेजों को नुकसान और निजी संस्थानों को अप्रत्याशित लाभ मिल रहा है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि पोर्टल बंद होने से प्रवेश प्रक्रिया ठप हो गई है और समय पर सत्र शुरू कर पाना कठिन होता जा रहा है।
Read Also- पीएम आवास योजना में लापरवाही पर CEO ने की बड़ी कार्रवाई : 14 पंचायत सचिवों का रोका वेतन
निजी संस्थानों और यूटीडी को फायदा पहुंचाने की कोशिश
शिक्षाविदों और कॉलेज प्राचार्यों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन निजी विश्वविद्यालयों और अपने विश्वविद्यालय अध्ययनशालाओं (यूटीडी) को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। गौरतलब है कि रविवि ने अपनी यूटीडी में प्रवेश के लिए अप्रैल से ही पोर्टल चालू कर रखा है, जबकि कॉलेजों के लिए पोर्टल मात्र कुछ ही दिनों में बंद कर दिया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन चाहता है कि पहले उसकी अध्ययनशालाओं की खाली सीटें भर जाएं, इसीलिए कॉलेजों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को रोक दिया गया।
Read Also- राजधानी में युवती के साथ गैंगरेप, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
रिजल्ट जारी करने में भी लापरवाही
वहीं, परीक्षाफल जारी करने में भी रविवि सुस्त नजर आ रहा है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अंतिम मुख्य परीक्षा परिणाम 28 मई को बीए सेकंड ईयर का अपलोड किया गया था। उसके बाद से मुख्य परीक्षाओं के किसी भी नए परिणाम को वेबसाइट पर जारी नहीं किया गया है। कुछ पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना के नतीजे जरूर आए हैं, लेकिन छात्र लगातार नए परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान इस समय निर्माण कार्यों और खरीद-फरोख्त पर अधिक केंद्रित है, जिससे छात्रहित प्रभावित हो रहा है।
Read Also- ट्रेड एक्सपो में निवेश के नाम पर करोड़ों का फ्रॉड करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
प्राइवेट कॉलेज प्रिंसिपल एसोसिएशन करेगी हस्तक्षेप
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राइवेट कॉलेज प्रिंसिपल एसोसिएशन ने रविवि प्रबंधन से जल्द ही औपचारिक मुलाकात करने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन पोर्टल को पुनः शीघ्र चालू करने की मांग करेगा ताकि छात्रों का भविष्य अंधकारमय न हो और प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से समय पर पूरी की जा सके।




