अहमदाबाद। एयर इंडिया फ्लाइट 171 की भयावह दुर्घटना के बाद जब पूरा देश शोक और स्तब्धता में डूबा है, टाटा ग्रुप ने इस त्रासदी में एक संवेदनशील और उदाहरणीय पहल की है। अहमदाबाद में हुए इस भीषण विमान हादसे में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं। ऐसे समय में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
एयर इंडिया विमान हादसे पर राज्यपाल रमेन डेका ने गहरा शोक व्यक्त किया
अपने आधिकारिक बयान में चंद्रशेखरन ने कहा,
“हम फ्लाइट 171 की इस दुखद घटना से अत्यंत व्यथित हैं। यह क्षति अपूरणीय है। टाटा ग्रुप पीड़ित परिवारों के साथ पूरी सहानुभूति और समर्थन के साथ खड़ा है।”
टाटा ग्रुप की पहल सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में घायल सभी यात्रियों का पूरा चिकित्सा खर्च टाटा ग्रुप वहन करेगा। साथ ही उन्हें हर संभव देखभाल और मनोवैज्ञानिक समर्थन भी दिया जाएगा।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश की पूरी दास्तान: टेक-ऑफ के कुछ मिनटों बाद हुआ भयावह हादसा, जलते मलबे से चमत्कारिक रूप से बचा एक यात्री, 204 की मौत की पुष्टि, पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन
इस हादसे में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल को भी काफी नुकसान हुआ है। चंद्रशेखरन ने स्पष्ट किया कि टाटा ग्रुप उस होस्टल के पुनर्निर्माण में भी योगदान देगा, ताकि वहां रहने वाले डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप इस संकट की घड़ी में एकजुटता और करुणा के साथ आगे बढ़ेगा, और सभी प्रभावित परिवारों को हर तरह की मदद प्रदान की जाएगी।
यह पहल न सिर्फ टाटा ग्रुप के सामाजिक उत्तरदायित्व को दर्शाती है, बल्कि पूरे देश में एक सकारात्मक और संवेदनशील संदेश भी देती है कि आपदा की घड़ी में साथ खड़े होना ही सच्ची इंसानियत है।




