नई दिल्ली। भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने रविवार रात अपने पति और साथी खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की। साइना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक बयान जारी करते हुए यह जानकारी दी। 7 साल पहले शादी के बंधन में बंधे दोनों खिलाड़ी हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी में साथ ट्रेनिंग करते हुए एक-दूसरे के करीब आए थे और 2018 में विवाह किया था।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, हंगामे के आसार
साइना ने अपने बयान में लिखा, “जिंदगी कभी-कभी हमें अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोचने के बाद कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम शांति, तरक्की और राहत को चुन रहे हैं। मैं उन सभी यादों के लिए आभारी हूं और आगे के जीवन के लिए शुभकामनाएं देती हूं। कृपया हमारी निजता का सम्मान करें।” हालांकि पारुपल्ली कश्यप की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
साइना नेहवाल ने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और 2015 में दुनिया की नंबर वन रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने बैडमिंटन को भारत में नई पहचान दिलाई और युवाओं के बीच इस खेल को लोकप्रिय बनाया।
वहीं पारुपल्ली कश्यप भी भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता और वर्ल्ड रैंकिंग में छठे पायदान तक पहुंचे।
प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद के बाद साइना ने बैडमिंटन को भारत में दोबारा जीवित किया। 2008 के बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बाद और 2012 में ओलंपिक मेडल जीतने के बाद उन्होंने इस खेल में भारत के लिए एक नई पीढ़ी को प्रेरित किया।
साइना और कश्यप की जोड़ी खेल जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक थी। उनके अलग होने की खबर ने प्रशंसकों को भावुक कर दिया है, लेकिन दोनों के फैसले का सम्मान करते हुए खेल प्रेमी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।




