भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में तेज रफ्तार डंपर ने सोमवार को जमकर उत्पात मचाया। बेकाबू डंपर ने एक के बाद एक तीन कारों को टक्कर मार दी, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित भदभदा रोड पर हुई।
हादसे का सिलसिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर ने सबसे पहले एक वेन्यू कार को टक्कर मारी और उसे काफी दूर तक घसीटता चला गया। इसके बाद सामने आई आई-20 कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की श्रृंखला यहीं नहीं रुकी, डंपर ने सड़क किनारे खड़ी एक लग्ज़री कार को भी नहीं छोड़ा।
वाहन क्षतिग्रस्त, परिवार सुरक्षित
डंपर की टक्कर से वेन्यू कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी के पीछे के दोनों गेट डैमेज हो गए। हालांकि, गाड़ी में सवार चार सदस्यीय परिवार सुरक्षित रहा, जो बड़ी राहत की बात है।
चालक को लोगों ने पकड़ा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह डंपर बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी का बताया जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त चालक नशे में था या लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।




