बैतूल। शहर के सरदार विष्णु सिंह गोंड बस स्टैंड पर शनिवार रात शराबियों ने जमकर हंगामा किया। हाथों में चाकू लेकर गाली-गलौज कर रहे तीन युवकों ने मौके पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैला दी।
सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक ने ट्रैफिक पुलिस जवान पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे जवान घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आदतन अपराधी निकले आरोपी
पुलिस ने तीनों युवकों को चाकू सहित हिरासत में ले लिया है। जांच में सामने आया है कि इनमें से दो युवक आदतन अपराधी हैं, जबकि एक आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।




