नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के भिंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भाजपा विधायक नरेंद्र कुशवाहा और कलेक्टर संजील श्रीवास्तव के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि विधायक ने कलेक्टर के बंगले के बाहर किसानों के साथ धरना दिया और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
किसानों के समर्थन में विधायक का धरना
कलेक्टर के आवास के बाहर धरने के दौरान विधायक कुशवाहा ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए किसानों के साथ नारेबाजी की। हालांकि, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने शुरू में धरनास्थल पर आकर मिलने से इनकार कर दिया।
कलेक्टर-विधायक के बीच तीखी बहस
कुछ देर बाद जब कलेक्टर गेट पर आए तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान विधायक ने कलेक्टर पर नाराजगी जताते हुए अपशब्द कहे और हाथ उठाने तक की कोशिश की। जवाब में कलेक्टर ने कहा कि “मैं चोरी नहीं चलने दूंगा।” इस बयान के बाद तनातनी और बढ़ गई।
वीडियो हुआ वायरल
पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक को कलेक्टर के प्रति गाली-गलौज और धमकी देते हुए देखा जा सकता है।
मंत्री के हस्तक्षेप से खत्म हुआ धरना
तनावपूर्ण माहौल के बीच जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने विधायक कुशवाहा से फोन पर बातचीत की। मंत्री के आश्वासन के बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया और मामला फिलहाल शांत हो गया।




