इंदौर। मिनी मुंबई कहलाने वाले इंदौर में इस बार गणेशोत्सव पर एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। नेहरू नगर चा राजा गणेश पंडाल में महिला अपराध और देशभर के चर्चित मामलों को प्रदर्शित करने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें श्रद्धा हत्याकांड, मेरठ का नीला ड्रम कांड और इंदौर का चर्चित हनीमून मर्डर केस जैसे मामलों को दर्शाया गया है।
पंडाल आयोजकों का कहना है कि समाज में न केवल महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, बल्कि महिलाओं द्वारा किए जा रहे अपराध भी चिंता का विषय हैं। पोस्टरों पर बड़ा संदेश लिखा गया है – “बेटी बचाओ के बाद अब बेटों को बचाओ।”
भक्तों ने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि ऐसे अपराधों पर रोक लगे और समाज में जागरूकता फैले। यह पहल गणेशोत्सव में आए श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग इसे महिलाओं को संदेश मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे समाज में बढ़ते अपराधों पर चेतावनी के रूप में देख रहे हैं।




