रीवा। मध्य प्रदेश में खाद की कमी को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई जिलों से किसानों के विरोध और प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं। रीवा में खाद न मिलने से नाराज किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जबकि सतना में खाद की कालाबाजारी का वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं भिंड में किसानों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।
रीवा में किसानों पर कार्रवाई
रीवा के करहिया मंडी में खाद न मिलने से गुस्साए किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। शाम होते ही काउंटर बंद कर दिया गया, जिसके बाद नाराज किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसमें कुछ किसान घायल हुए। पुलिस का कहना है कि केवल हल्का बल प्रयोग किया गया।
किसानों का संघर्ष जारी
खाद की समस्या लगातार गहराती जा रही है। रविवार और सोमवार को करहिया मंडी में सैकड़ों किसान रात-दिन लाइन में लगे रहे, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल सकी। मंगलवार को भी ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खाद पाने के लिए मशक्कत करते नजर आए।




