भिलाई। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक सुभाष चौक, केम्प वन में गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। फास्ट फूड का ठेला लगाने वाले दो सगे भाइयों विष्णु प्रसाद साव और शुभम प्रसाद साव का अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण कर लिया गया। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी एक यूपी पासिंग आर्टिका कार का इस्तेमाल कर मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटना के 18 घंटे बाद भी न तो अपहृत युवकों का सुराग मिला है, न ही आरोपियों की पहचान हो पाई है।
ठेले से उठाकर ले गए दोनों भाइयों को
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:15 बजे की है। दोनों भाई सुभाष चौक स्थित अपने फास्ट फूड ठेले पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे, तभी एक सफेद रंग की आर्टिका कार मौके पर आकर रुकी। कार से दो युवक उतरे और विष्णु प्रसाद साव का कॉलर पकड़कर उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। यह देख उसका छोटा भाई शुभम विरोध करने लगा, लेकिन तभी कार से उतरे अन्य 2-3 युवकों ने उसे भी पकड़कर कार में डाल दिया और तेज़ रफ्तार से फरार हो गए।
Read Also- करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश: ‘जादुई कलश’ के नाम पर लोगों को बनाया शिकार, चार आरोपी गिरफ्तार
परिजन ने किया पीछा, लेकिन आरोपी फरार
घटना के समय दोनों भाइयों का चचेरा भाई हर्ष घटनास्थल पर ही मौजूद था, जबकि उनका मामा कुछ दूरी पर खड़ा था। जैसे ही मामा को घटना की जानकारी मिली, वह बाइक से आरोपियों का पीछा करते हुए जलेबी चौक तक पहुंचा, लेकिन तब तक गाड़ी आंखों से ओझल हो चुकी थी। उन्होंने तत्काल छावनी थाना पहुंचकर अपहरण की सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर अमामला पंजीबद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में इस अपहरण को किसी पुराने लेन-देन या निजी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है।
Read Also- 13 साल की छात्रा से दरिंदगी की हदें पार, 4 कर्मियों ने दिया हैवानियत को अंजाम, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
नंबर प्लेट पर कीचड़, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आर्टिका वाहन की नंबर प्लेट पर कीचड़ लगा था, जिससे वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं दिख पाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस की विशेष टीमें शहर के बाहर जाने वाले सभी मार्गों पर अलर्ट मोड में हैं और नाकेबंदी की जा रही है।
परिजनों में रो-रोकर बुरा हाल, क्षेत्र में दहशत का माहौल
अपहरण की इस दुस्साहसिक वारदात से सुभाष चौक क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से अपहृत भाइयों की जल्द बरामदगी की मांग की है।
Read Also- भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बने सीपी राधाकृष्णन, राष्ट्रपति दिलाई शपथ, इस्तीफे के बाद पहली बार नजर आए जगदीप धनखड़
पुलिस की अपील
छावनी थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने उक्त वाहन या उसमें सवार लोगों को घटनास्थल या आसपास के क्षेत्रों में देखा हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।




