अंबिकापुर। अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि शहर के 111 मतदान केंद्रों पर 388 ऐसे मकान चिह्नित किए गए हैं, जहां एक ही पते पर 20 या उससे अधिक मतदाता दर्ज हैं। कुल मिलाकर ऐसे मकानों में 10,662 संदिग्ध वोटर पाए गए हैं।
इतना ही नहीं, प्रारंभिक पड़ताल में 630 से अधिक डुप्लीकेट मतदाता भी सामने आए हैं, जिनके नाम दोहराए गए हैं। इससे यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि मतदाता सूची में गंभीर स्तर की हेराफेरी हुई है। सिंहदेव ने इस पूरे मामले को ‘वोट चोरी की साजिश’ बताते हुए जांच की मांग की है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
Read Also- छत्तीसगढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भूपेश बघेल का सरकार पर हमला, कहा- अपराध का गढ़ बनता जा रहा है राज्य
सिंहदेव बोले – आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है
टीएस सिंहदेव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के हालिया चुनावों में जिस प्रकार के नतीजे आए, उसने इस आशंका को जन्म दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ गंभीर छेड़छाड़ की जा रही है। 7 अगस्त को राहुल गांधी ने जो तथ्य देश के सामने रखे, वे सीधे तौर पर वोटिंग प्रक्रिया में घोटाले को उजागर करते हैं।
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आयोग आज स्वतंत्र संस्था नहीं रह गई है, बल्कि भाजपा का अनुषांगिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि, चुनाव तिथियों की घोषणा से पहले भाजपा आईटी सेल को सूचनाएं मिल जाती हैं, और चुनाव आयोग प्रधानमंत्री को प्रचार के लिए सुविधाजनक मंच देता है। यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत खतरनाक है।
Read Also- रायपुर रेलवे स्टेशन में बड़ा बदलाव: जनरल टिकट काउंटर की नई जगह पर होगी शिफ्टिंग, जानिए पूरी व्यवस्था और यात्रियों के लिए मिलने वाली नई सुविधाएं
“अब जिम्मेदारी बीएलए की” – संगठन को दिए स्पष्ट निर्देश
सिंहदेव ने बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं (BLA) से विशेष अपील करते हुए कहा कि, मतदाता सूची में गड़बड़ी को पकड़ने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अब आप सभी पर है। हर घर, हर पते की सघन जांच करें। जहां 10 से अधिक मतदाता दर्ज हैं, वहां जाकर भौतिक सत्यापन करें और यदि अनियमितता मिले तो रिपोर्ट तैयार कर पार्टी और प्रशासन को सौंपें।
कांग्रेस ने राज्यव्यापी जांच अभियान शुरू किया
इस पूरे मुद्दे पर कांग्रेस अब सक्रिय हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची की व्यापक जांच का अभियान शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि, प्रत्येक बीएलए को कुछ निर्धारित बिंदुओं के आधार पर जांच करनी है, जैसे – एक ही पते पर दर्ज असामान्य संख्या में मतदाता, दोहराए गए नाम, गलत लिंग विवरण, मृत मतदाताओं के नाम आदि। यह रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से तैयार कर जिला और राज्य संगठन को सौंपी जाएगी।




