रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद नियुक्त हुईं तीन सदस्य लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया और दीपिका सोरी ने आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक और सचिव अभय सोनवानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सदस्यों का कहना है कि आयोग में नियमों की अनदेखी हो रही है और अध्यक्ष पूरे आयोग को ‘एकतरफा तरीके’ से चला रही हैं।
सुनवाई में नहीं मिलती जानकारी, नियमों का उल्लंघन
तीनों सदस्यों ने प्रेसवार्ता कर बताया कि आयोग की किसी भी सुनवाई या निर्णय में उन्हें शामिल नहीं किया जाता। अध्यक्ष अकेले ही अंतिम निर्णय लेती हैं, जबकि नियम के अनुसार किसी भी फैसले के लिए दो सदस्यों की सहमति आवश्यक होती है। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि सुनवाई के दौरान कई अनधिकृत लोग मौजूद रहते हैं, जिनमें अध्यक्ष के पति और उनके निजी वकील तक शामिल होते हैं। इससे आयोग की निष्पक्षता और गोपनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
Read Also- बिलासपुर में चाकू की नोक पर लूट करने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ में, फरार होने के बाद दोबारा गिरफ्तार
कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी
तीनों सदस्यों ने घोषणा की कि वे इस पूरे मामले को लेकर कोर्ट का रुख करेंगी और इसकी जानकारी विधि विभाग, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी देंगी। उन्होंने कहा कि महिला आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को लोकतांत्रिक ढंग से चलाया जाना चाहिए, लेकिन फिलहाल इसकी कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक भावना के विपरीत है।
सचिव पर पक्षपात और जवाबदेही से बचने के आरोप
सदस्यों ने सचिव अभय सोनवानी पर भी तटस्थता खोने का आरोप लगाया है। सरला कोसरिया ने कहा कि जब वे आयोग के आय-व्यय और कार्य संबंधी जानकारी मांगती हैं, तो सचिव कोई जवाब नहीं देते। उन्होंने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि सचिव आयोग के बजाय केवल अध्यक्ष के प्रति जवाबदेह हैं।
Read Also- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामला: चैतन्य बघेल की जमानत याचिका खारिज
भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप
लक्ष्मी वर्मा ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष किरणमयी नायक आयोग को अपने ‘निजी अधिकार क्षेत्र’ की तरह चला रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी संभागीय सुनवाई की सूचना तक नहीं दी जाती। इसी कारण तीनों सदस्यों ने 8 अक्टूबर को आयोग की सुनवाई का बहिष्कार किया।
राजनीतिक नेताओं की तस्वीरों पर विवाद
सदस्यों ने यह भी आपत्ति जताई कि अध्यक्ष के चेंबर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और भूपेश बघेल की तस्वीरें लगी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में राजनीतिक नेताओं की तस्वीरें लगाना उचित है? सदस्यों का कहना है कि वहां केवल राज्यपाल और मुख्यमंत्री की तस्वीरें होनी चाहिए।
Read Also- छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की घोषणा
अध्यक्ष का जवाब- “सचिव देंगे जानकारी”
इन तमाम आरोपों पर जब अध्यक्ष किरणमयी नायक से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगी, इस संबंध में सचिव ही जानकारी देंगे।




