Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी सत्ता पाने के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं और राज्य को फिर से जंगलराज की ओर ले जाना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। खुली घोषणा कर रहे हैं कि भैया की सरकार आएगी तो कट्टा, दोनाली, फिरौती यही सब चलेगा। इसलिए बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए, बिहार को कुशासन नहीं चाहिए। एनडीए विकसित बिहार बनाएगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को वे सीटें दी गई हैं, जहां आरजेडी पिछले 35-40 सालों से कभी नहीं जीती। मोदी ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के सीएम पद का चेहरा आरजेडी ने बंदूक की नोक पर चुरा लिया है।
Read Also- वंदे मातरम् के 150 वर्ष: पीएम मोदी ने जारी किया विशेष सिक्का और डाक टिकट, कहा- ‘माँ भारती के प्रति संकल्प और सिद्धि का अमर मंत्र
पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार के लोग अब किसी भी कीमत पर जंगलराज की वापसी नहीं चाहते। “बिहार का नौजवान आरजेडी के झूठे वादों पर नहीं, बल्कि एनडीए के ईमानदार इरादों पर वोट दे रहा है,” उन्होंने कहा।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा, एनडीए के पास हर क्षेत्र के लिए अलग योजनाएं हैं। कहीं फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो कहीं पर्यटन और तकनीकी क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। जहां जैसी क्षमता है, वहां वैसी इंडस्ट्री लगाई जा रही है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में राम मंदिर और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, मोदी ने कहा था कि राम मंदिर बनेगा और डंके की चोट पर बन गया। मोदी ने कहा था कि अनुच्छेद 370 की दीवार गिरेगी और वो गिर गई। बिहार की धरती से मैंने कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा, और देश ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते देखा।




