बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पासिंग क्रेटा कार (MH 04 MA 8035) से 3 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। यह रकम कार में बने एक सीक्रेट चैंबर में छिपाई गई थी। पुलिस ने कार सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच गुंडरदेही इलाके में पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर कार्रवाई की और बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित पड़कीभाठ बायपास के पास कार को रोक लिया।
Read Also- धान खरीदी को लेकर भूपेश बघेल का सरकार पर हमला, कहा- “तैयारी शून्य, किसान होंगे परेशान”
तलाशी के दौरान कार की सीट के नीचे एक लॉक किया गया सीक्रेट चैंबर मिला। उसे खोलने पर पुलिस को 500 और 100 रुपए के नोटों के बंडल में कुल 3 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई थी। कैश की गिनती के लिए पुलिस ने एसबीआई बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगवाई थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद राशि रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही थी। कार महादेव घाट मार्ग से निकलकर दुर्ग-रनचिराई मार्ग होते हुए अंदरूनी रास्तों के जरिए नागपुर की ओर बढ़ रही थी। फिलहाल नकदी के स्रोत और उपयोग को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
एसडीओपी राठौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई के लिए इसे आयकर विभाग (आईटी) को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से और किसके लिए ले जाई जा रही थी।




