रायपुर। नगर निगम जोन-6 कमिश्नरी क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति एक बार फिर शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी है। करीब 12 फीट गहराई में बिछाई गई 1400 एमएम व्यास की विशाल पाइपलाइन लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। ताज़ा मामले में पाइपलाइन में आए लिकेज की मरम्मत के लिए नगर निगम ने 21 नवंबर की शाम को बड़े स्तर पर जलापूर्ति बंद करने की घोषणा की है।
फिल्टर प्लांट के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि भाठागांव मेन रोड स्थित गणेश ट्रेडर्स के पास पाइपलाइन में लिकेज पाया गया है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़क पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से तेज कंपन होता है, जिसकी वजह से पाइपलाइन में बार-बार दरारें उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि खराब सड़क का सीधा प्रभाव पानी की मुख्य लाइन पर पड़ रहा है। इस लिकेज को दुरुस्त करने के लिए निगम ने 8 घंटे का अनिवार्य शटडाउन लिया है।
Read Also- Bihar Cm Oath: थोड़ी देर में नीतीश कुमार लेंगे 10वीं बार CM पद की शपथ, PM मोदी रहेंगे मौजूद
इन क्षेत्रों में शाम को नहीं मिलेगा पानी
150 एमएलडी प्लांट से भरने वाली टंकियों में भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडीनगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्दू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेड़ा समेत कई क्षेत्रों में 21 नवंबर को सुबह की सप्लाई के बाद शाम को जलप्रदाय बंद रहेगा।
80 एमएलडी प्लांट के ये क्षेत्र भी रहेंगे प्रभावित
बैरन बाजार नया, देवेंद्र नगर नया, संजय नगर और मोतीबाग टंकी से जुड़ी कॉलोनियों में भी शाम की सप्लाई नहीं होगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग सावधानी से करें और आवश्यक कार्यों के लिए सुबह ही पानी संग्रहित कर लें। निगम ने आश्वस्त किया है कि 22 नवंबर से जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।




