भोपाल। लालघाटी चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए एसीपी (एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल) में शुक्रवार को आग लग गई। ब्रिज पर लगी लाइट और नीचे पड़े कचरे के कारण आग तेजी से फैलकर भीषण हो गई। घटना के बाद कई मिनटों तक ट्रैफिक प्रभावित रहा।
जानकारी मिलते ही बैरागढ़ से दो और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से एक दमकल मौके पर पहुंची। बैरागढ़ स्टेशन के फायर फाइटर मुबारिक अहमद ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण में उपयोग किए गए प्लाइवुड और अन्य सामग्री पहले धधकी, इसके बाद ऊपर लगे लाइट पोल में भी आग लगी, जिससे लपटें और भड़क गईं। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान काफी हुआ है।
फ्लाईओवर कोहेफिजा से लालघाटी की ओर जाने वाले मार्ग को जोड़ता है। इसके नीचे स्थित चौराहा वीआईपी रोड, लालघाटी, बैरागढ़ और एयरपोर्ट रोड को जोड़ता है। आग बैरागढ़ की ओर जाने वाले रास्ते में लगी थी।




