ग्वालियर। मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के ग्वालियर स्थित तानसेन रेजिडेंसी होटल में पूर्व मंत्री और विधायक गिर्राज दंडोतिया के दामाद का सोने का हार गायब होने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के गांधी रोड स्थित होटल की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान ही करीब 15 लाख रुपए कीमत का सोने का हार मिल गया, जिसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। हार मिलने के बाद पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
दरअसल, मुरैना निवासी पूर्व मंत्री व विधायक गिर्राज दंडोतिया की बेटी की शादी ग्वालियर के विनय नगर निवासी पलिया कंस्ट्रक्शन के संचालक अनूप शर्मा के बेटे शिवम पलिया से हुई थी। शादी समारोह के चलते परिवार ने गांधी रोड स्थित तानसेन रेजिडेंसी होटल में कमरे बुक कराए थे। दूल्हा शिवम पलिया होटल के रूम नंबर 211 में ठहरा हुआ था। गुरुवार को मेला ग्राउंड स्थित मैरिज गार्डन में शादी समारोह चल रहा था।
बताया गया कि दोपहर करीब तीन बजे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन की सूचना पर शिवम सोने का हार पहनकर शादी समारोह में पहुंचे। आशीर्वाद लेने के बाद वे वापस होटल आए और शाम करीब आठ बजे दोबारा समारोह में जाने से पहले हार कमरे में रख दिया। इसके बाद उन्होंने कमरे की चाबी होटल रिसेप्शन पर सौंप दी।
रात करीब नौ बजे परिवार को आशंका हुई कि कमरे का लॉक सही तरीके से बंद नहीं किया गया था। इसके बाद परिजन होटल पहुंचे, जहां रूम नंबर 211 से सोने का हार गायब मिला। हार के गायब होने की खबर फैलते ही होटल में हंगामा हो गया। परिजनों ने होटल प्रबंधन से बातचीत की, जिस पर मैनेजर ने जल्द हार मिलने का भरोसा दिलाया।
शुक्रवार दोपहर तक हार नहीं मिलने पर परिजनों ने पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान हार दूल्हे की कोट की जेब में ही मिला। इसके बाद हार को दूल्हे के पिता अनूप शर्मा को सुपुर्द कर दिया गया।




