भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जान का खतरा होने का इनपुट मिला है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस संबंध में खुफिया जानकारी प्राप्त होने के बाद शुक्रवार देर रात भोपाल और दिल्ली स्थित उनके आवासों की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। वहीं, दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि आईएसआई केंद्रीय कृषि मंत्री के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है। इस इनपुट के बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक बदलाव किए गए।
गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान पहले से ही जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा के दायरे में हैं। इसके बावजूद नए खुफिया इनपुट को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्रालय ने मध्यप्रदेश के डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) और मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता करने के निर्देश जारी किए हैं।




