धमतरी। जिले के कुरुद ब्लाक अंतर्गत ग्राम दहदहा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा छठवीं से आठवीं तक के करीब 35 विद्यार्थियों द्वारा अपनी कलाई काटने का मामला उजागर हुआ है। घटना लगभग 20 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन जानकारी सार्वजनिक होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि अलग-अलग कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को देखकर यह कदम उठाया। जब अभिभावकों को इसकी भनक लगी तो मामला पंचायत में उठाया गया। इसके बाद प्रशासनिक टीम स्कूल पहुंची और बच्चों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
अभाविप ने जताई नाराजगी, विशेष कमेटी की मांग
घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को परिषद के पदाधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचे और सहायक संचालक आर. एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विशेष जांच कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने कहा कि यह मामला केवल कलाई काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संकेत है कि विद्यार्थियों का मानसिक और भावनात्मक वातावरण सुरक्षित नहीं है। यदि समय रहते गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद आंदोलन करने को बाध्य होगी।
सवालों के घेरे में स्कूल प्रबंधन
पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का प्रारंभिक अनुमान है कि बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर यह कदम उठाया। हालांकि, इतने बड़े स्तर पर विद्यार्थियों का ऐसा व्यवहार कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। क्या स्कूल में काउंसलिंग की व्यवस्था है? क्या किसी प्रकार का दबाव या डर बच्चों पर था? क्या सोशल मीडिया या किसी ट्रेंड का प्रभाव था?
प्रशासनिक जांच से ही स्पष्ट होगा कि यह सामूहिक मनोवैज्ञानिक प्रभाव का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल गांव और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।




