लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनों ने अपने पालतू कुत्ते की गंभीर बीमारी से मानसिक रूप से आहत होकर यह कदम उठाया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, परिवार के पालतू कुत्ते की तबीयत लंबे समय से खराब थी। लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। कुत्ते से अत्यधिक लगाव के कारण दोनों बहनें गहरे अवसाद में चली गई थीं और उसकी बिगड़ती हालत को सहन नहीं कर पा रही थीं। इसी मानसिक तनाव में उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान दोदा खेड़ा जलालपुर निवासी कैलाश सिंह की बेटियों राधा सिंह (24) और जिया सिंह (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे दोनों बहनों को दुकान से सामान लाने भेजा गया था। लौटने के कुछ ही समय बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़ीं।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने फिनाइल का सेवन किया था, जिससे उनकी मौत हुई। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद की जाएगी।




