पटना।
बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या के मामले में पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। रविवार को उनके अंतिम संस्कार के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पहुंचने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए संदिग्ध की पहचान रोशन कुमार के रूप में हुई है, जो पटना के पुनपुन इलाके का निवासी है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस पूछताछ से हत्याकांड से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
अब तक इस मामले में पुलिस करीब एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि हत्या की योजना में एक शूटर के अलावा दो लाइनर भी शामिल थे। खेमका जब शुक्रवार रात बांकीपुर क्लब से लौटे, तब एक लाइनर ने शूटर को उनकी लोकेशन की जानकारी दी। वहीं दूसरा लाइनर गांधी मैदान के आसपास बिस्कोमान टावर क्षेत्र में मौजूद था। शूटर पहले से खेमका के घर के पास मौजूद था और जैसे ही वह अपनी कार से उतरे, उस पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बांकीपुर क्लब से लेकर बुद्ध कॉलोनी और इनकम टैक्स गोलंबर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फिलहाल, शूटर और अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
हत्या का यह मामला उस समय और चौंकाने वाला हो गया जब पता चला कि वारदात पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर अंजाम दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस घटनास्थल पर एक घंटे की देरी से पहुंची, जिसे डीएसपी ने खारिज करते हुए कहा कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शनिवार को पुलिस ने जेल में भी छापेमारी की थी। अब रोशन कुमार की गिरफ्तारी को इस केस में बड़ा मोड़ माना जा रहा है।




