दुर्ग। जिले में गुरुवार सुबह खारुन नदी पुल पर रायपुर की ओर जा रहे एक कोयले से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुई। चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, कोयला से भरा ट्रक (CG-10-BH-9459) दुर्ग से रायपुर जा रहा था। जैसे ही ट्रक पुल पर पहुंचा, केबिन के नीचे से धुआं उठना शुरू हुआ। चालक ने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। देखते ही देखते आग ट्रक और उसके ट्राले में फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की एक टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




