बालोद। जिले के गरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सोमवार सुबह एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान कार्यालय में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत लक्ष्मी यादव के बेटे सतीश यादव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सतीश यादव की मां लक्ष्मी यादव इन दिनों हड़ताल पर हैं। इसी कारण पिछले तीन-चार दिनों से सतीश ही बीईओ कार्यालय में काम कर रहा था और उसी के पास कार्यालय की चाबी थी। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात सतीश ने कार्यालय के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Read Also- 9 लाख के गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ाव की आशंका
सोमवार सुबह जब अन्य कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो सतीश का शव फांसी के फंदे पर लटका देख दंग रह गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची गरूर पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सतीश की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सतीश के परिजनों तथा परिचितों से पूछताछ कर रही है।




