बीजापुर। जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को अंजाम देते हुए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक पर पुलिस की मुखबिरी करने का शक था। यह घटना बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र के पेरमपल्ली गांव की है, जहां नक्सलियों ने 1 जुलाई को भारी संख्या में पहुंचकर युवक को उसके घर से बाहर निकाला और धारदार हथियार से हत्या कर दी।
Read Also- छत्तीसगढ़ में नई पाबंदी: सरकारी कर्मचारी अब नहीं कर पाएंगे वित्तीय बाजारों में निवेश
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों ने पहले युवक की पिटाई की और फिर पुलिस की मुखबिरी के शक में उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को गांव में ही फेंक कर नक्सली जंगल की ओर फरार हो गए। मृतक की पहचान फिलहाल उजागर नहीं की गई है।
Read Also- नक्सली हिंसा का शिकार बना ग्रामीण, प्रेशर IED विस्फोट में गंभीर रूप से घायल
गौरतलब है कि बीजापुर जिले में पिछले 15 दिनों में नक्सलियों ने मुखबिरी के संदेह में अब तक 6 लोगों की हत्या कर दी है। इनमें 3 ग्रामीण और 2 छात्र भी शामिल थे। यह घटना इसी कड़ी का हिस्सा बताई जा रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 25 वर्षों में नक्सली हिंसा में बीजापुर जिले में अब तक 1821 लोगों की जान जा चुकी है। बार-बार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और आम लोगों में डर व्याप्त है।




