बिलासपुर। नौकरी की तलाश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना अब जोखिम भरा साबित हो रहा है। बिलासपुर में एक युवक को पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर 2 लाख 37 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार होना पड़ा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक से एक आरोपी ने फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। आरोपी ने घर बैठे मोटी कमाई का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
शुरुआत में आरोपी ने पीड़ित को कुछ रकम वापस कर उसका विश्वास जीता। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम जमा कराने के लिए दबाव बनाया गया। युवक ने आरोपी के बताए अकाउंट में कुल 2 लाख 37 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं आई, तब युवक को ठगी का अहसास हुआ और उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




