नई दिल्ली। सोमवार को एक अजीब स्थिति उस समय सामने आई जब दिल्ली से जम्मू होते हुए श्रीनगर जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2564 जम्मू एयरपोर्ट पर लैंड किए बिना ही वापस दिल्ली लौट गई। यह फ्लाइट दोपहर 12 बजे जम्मू पहुंचने वाली थी, लेकिन विमान कुछ समय तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और फिर लौटने का फैसला किया गया।
मौसम था सामान्य, फिर भी नहीं हुई लैंडिंग
अधिकारियों के अनुसार, उस समय जम्मू में मौसम पूरी तरह साफ था और रनवे भी पूरी तरह तैयार स्थिति में था। इसके बावजूद पायलट ने लैंडिंग न करने का निर्णय लिया। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि पायलट को सही लैंडिंग पोजीशन या एलाइनमेंट का आकलन करने में दिक्कत हो सकती है, हालांकि अब तक एयरलाइन या पायलट की ओर से कोई आधिकारिक कारण साझा नहीं किया गया है।
होटल के बंद कमरे में सजी थी जुए की महफिल, पुलिस ने छापे मार कार्रवाई कर 6 जुआरियों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार
यात्रियों को झेलनी पड़ी असुविधा
विमान में सवार यात्रियों को दिल्ली लौटने के बाद वैकल्पिक फ्लाइट या रूट की प्रतीक्षा करनी पड़ी। वहीं जम्मू एयरपोर्ट पर यात्रियों के परिजन उन्हें लेने पहुंचे थे, लेकिन विमान न उतरने की खबर मिलने के बाद उन्हें निराश लौटना पड़ा।
चार राज्यों की 5 सीटों पर उपचुनाव नतीजे: AAP और BJP को बड़ी जीत, कांग्रेस और TMC ने भी दिखाया दम
हाल ही में हादसे की चपेट में रही है एअर इंडिया
गौरतलब है कि हाल के दिनों में एअर इंडिया लगातार चर्चा में है। 12 जून को गुजरात में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 (Boeing 787-8) क्रैश हो गई थी, जिसमें 270 यात्रियों की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना टेकऑफ के तुरंत बाद हुई थी और उसकी जांच अभी भी जारी है।
जम्मू वाली घटना ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एयरलाइन से इस पर अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।




