पांढुर्णा। शहर में गुरुवार सुबह जैन मंदिर में बड़ी ठगी की वारदात सामने आई। दो युवकों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर करीब 7 लाख रुपए के गहने ले उड़े। घटना पांढुर्णा थाना से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर हुई।
शांति निकेतन कॉलोनी निवासी चंपाबेन शाह सुबह जैन मंदिर पहुंची थीं। वहां दो युवक मास्क पहनकर आए और गुजराती भाषा में बातचीत शुरू की। खुद को नौकरी मिलने की बात कहकर युवकों ने मंदिर में 21 हजार रुपए दान करने का बहाना बनाया।
ठगों ने भरोसा जीतकर महिला से उनके सोने के कंगन और चेन एक थैले में रखने को कहा। युवक थैला लेकर चले गए। कुछ देर बाद जब महिला ने थैला खोला तो उसमें न नकदी थी, न गहने। गहनों की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।
मामले में SDOP ब्रजेश भार्गव ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।




