रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुनील महानद के रूप में हुई है। वह जेल की बैरक गोल नंबर 5 में बंद था।
जानकारी के अनुसार, सुनील महानद ने शाम करीब 6 बजे बैरक के अंदर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि उन्हें इस घटना की जानकारी देर रात दी गई, जिससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुनील को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। उन्होंने जेल व्यवस्था पर कई आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सुनील महानद पोक्सो एक्ट के एक मामले में विचाराधीन कैदी था और मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




