मुंबई: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर ने मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी में एक सभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वक्फ संशोधन विधेयक के संसद में पारित होने को सनातन धर्म के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण करार दिया।
बाबा बागेश्वर ने मंच से कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ संसद में 200 से ज्यादा वोट पड़े, लेकिन इसके बावजूद बिल का पास होना सनातनियों के लिए सम्मान की बात है। शास्त्री ने इसे सनातन धर्म को बचाने के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘बिल का पास होना सनातनियों के लिए गर्व की बात’
लोगों को संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा, ‘देश का दुर्भाग्य है कि वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ 200 से ज्यादा वोट पड़े। वक्फ बिल का पास होना सनातनियों के लिए गर्व की बात है। यह बिल सनातन को बचाने के लिए पास हुआ है।
जब राम मंदिर बनने की बात होती थी तब कई लोग कहते थे कि उस जमीन पर अस्पताल बना दो, स्कूल बना दो लेकिन किसी को आज तक यह कहते नहीं सुना कि वक्फ बोर्ड की जमीन पर अस्पताल या स्कूल बनाओ। हमें तो डर लग रहा था कि जहां पर महाराज जी का मंदिर बन रहा है वहां पर भी वक्फ वाले दावा न कर दें।’




