भोपाल। टीआईटी कॉलेज की छात्राओं से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के दबाव के मामले में आरोपियों फरहान, साद और साहिल के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने शुक्रवार को बुलडोज़र कार्रवाई शुरू कर दी। जिला कोर्ट से स्टे न मिलने के बाद यह कदम उठाया गया।
प्रशासन का कहना है कि आरोपियों के घर सरकारी ज़मीन पर बने थे। कार्रवाई से पहले पुलिस ने पूरे इलाके को बैरिकेड कर लिया और 500 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया। जल्द ही एसडीएम भी मौके पर पहुंचेंगे।
आरोप है कि तीनों युवकों ने गिरोह बनाकर हिंदू छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाया, फिर उनके साथ दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और धर्म बदलकर निकाह करने के लिए दबाव बनाया गया। छात्राओं को अन्य लड़कियों को भी फंसाने के लिए मजबूर किया जाता था।
यह मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच चुका था और इसकी जांच के लिए आयोग की टीम को भोपाल आना पड़ा था। प्रशासन की मौजूदा कार्रवाई को सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मीडिया और प्रशासनिक अमला मौजूद है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद कार्रवाई पूरी की जाएगी।




