भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जिला प्रभारियों की बैठक में भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर राज्यव्यापी पदयात्रा निकालने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बैठक में फैसला लिया गया कि दिग्विजय सिंह ही इसकी विस्तृत योजना तैयार करेंगे।

पदयात्रा के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा, जिससे पार्टी का आधार मजबूत होगा। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा का ब्लूप्रिंट भी दिग्विजय सिंह ने तैयार किया था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले इस अभियान के दौरान एक दर्जन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सार्वजनिक सभाओं व प्रेस वार्ताओं को संबोधित किया था।