आशीष पदमवार. बीजापुर। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर जिले में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध रेत परिवहन को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और खनिज विभाग की मिलीभगत से जिले की रेत की खुलेआम लूट हो रही है, जबकि स्थानीय जनता और सरकारी योजनाएं इसकी कमी से जूझ रही हैं।
मंडावी ने बताया कि भोपालपटनम क्षेत्र के तीमेड में अवैध रेत भंडारण के मामले में भाजपा नेता और ठेकेदार गौतम राव पर 28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन न तो यह राशि अब तक जमा हुई और न ही जब्त रेत की नीलामी की गई। इसके बावजूद ठेकेदार लगातार तेलंगाना और महाराष्ट्र में रेत की अवैध आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जिले के सभी रेत खदानों का ठेका एक ही व्यक्ति को कैसे दिया गया?
Read Also- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से आबकारी अफसरों को बड़ी राहत, 28 अधिकारियों को मिली अग्रिम जमानत
कांग्रेस विधायक ने कहा कि अवैध परिवहन के चलते बीजापुर जिले में रेत की भारी कमी हो गई है। इसके कारण प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिदिन दर्जनों ट्रक बिना नाप-तौल और ओवरलोड होकर जिले से बाहर जा रहे हैं, लेकिन खनिज विभाग और आरटीओ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
मंडावी ने खनिज विभाग पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक गरीब व्यक्ति निजी उपयोग के लिए एक ट्रैक्टर रेत ले आए तो उस पर कार्रवाई होती है, लेकिन भाजपा नेता संगठित रूप से लाखों रुपये की रेत का अवैध परिवहन करते हैं, फिर भी विभाग इसे वैध बताता है।
Read Also- कुर्सी पर पैर, आंखों में नशा… मास्टर साहब ने स्कूल को बना दिया आरामगाह, वीडियो वायरल
विधायक ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।




