नीमच। जिले के ग्राम खीमला में गुरुवार को तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक श्रमिक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ग्रीनको कंपनी के प्लांट में जमकर हंगामा किया और बस को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तीन श्रमिक बाइक से काम पर जा रहे थे तभी एलएनटी कंपनी की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अमरपुरा निवासी लच्छूराम (28) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गोविंद (27) को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि मगड़दा निवासी अनिल मीणा (18) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने ग्रीनको प्लांट के बाहर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने प्लांट में तोड़फोड़ की और एक बस को आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासन पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया।




