Summer Camp Guidelines: रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान स्कूली बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित करने के लिए गाइडलाइन जारी की है। इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के कौशल विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें नया सीखने का अवसर प्रदान करना है। शिक्षा सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टर और डीईओ को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
Read Also- नक्सल ऑपरेशन के दौरान भीषण गर्मी बनी बड़ी चुनौती, 40 जवान हुए डिहाइड्रेशन का शिकार, इलाज जारी
Summer Camp Guidelines: गाइडलाइन के अनुसार, समर कैंप में बच्चों को चित्रकारी, गायन, वादन, निबंध लेखन, कहानी लेखन, हस्तलिपि लेखन, नृत्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा खेलकूद और बच्चों को अपने गांव व शहर के ऐतिहासिक परिचय भी कराया जाएगा। साथ ही, औद्योगिक संस्थानों और मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े संस्थानों का भ्रमण भी कराया जा सकता है।
समर कैंप के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग ने 9 बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- समर कैंप स्कूलों में या गांव/शहर के सामुदायिक स्थानों में आयोजित किया जा सकता है।
- समर कैंप में कला और रचनात्मक क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा सकता है, जो बच्चों को मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा, बड़े संस्थानों का भ्रमण भी कराया जा सकता है।
- समर कैंप में स्कूल के शिक्षक और बच्चों के पालकों का भी सहयोग लिया जा सकता है।
- समर कैंप में चित्रकारी, गायन, वादन, निबंध-कहानी लेखन, हस्तलिपि लेखन, नृत्य, खेलकूद और ऐतिहासिक परिचय जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जा सकती हैं।
- इन गतिविधियों के अतिरिक्त, बच्चों को अन्य रचनात्मक गतिविधियों का चयन करने की स्वतंत्रता भी दी जाएगी।
- समर कैंप के आयोजन से पूर्व शाला विकास समिति और पालक शिक्षक समिति से सहमति ली जाए।
- यह आयोजन स्वेच्छिक रहेगा और सुबह 07:30 बजे से 09:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
- समर कैंप के लिए कोई पृथक बजट जारी नहीं किया जाएगा, इसके लिए जिला स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
- ग्रीष्मकालीन प्रोजेक्ट के रूप में शिक्षक और पालकों से सहयोग लेकर बच्चों को समर कैंप पूरा कराना होगा।





