कुल्लू: देश में मानसून की दस्तक के साथ ही कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। सोमवार सुबह घाटी में बादल फटने की घटना हुई, जिससे जीवा नाले में अचानक बाढ़ आ गई। इस आपदा के बाद स्थानीय प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
उच्च न्यायालय ने अगली सुनवाई तक दूसरे ट्रांसफर ऑर्डर पर लगाई रोक
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, इस घटना के बाद पार्वती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम अलर्ट पर
बादल फटने के बाद प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन दल (SDRF) मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बाढ़ का वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर जीवा नाले में आई बाढ़ का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें पानी के तेज बहाव और मलबे का भयावह दृश्य देखा जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और नालों के किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
स्थानीय लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं और हालात सामान्य होने तक स्कूलों व अन्य सार्वजनिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।




