नई दिल्ली
अमेरिका के वॉशिंगटन में क्वाड (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) के विदेश मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई। इस हमले में 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।
क्वाड के विदेश मंत्रियों ने इस आतंकी हमले को निंदनीय बताया और सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा की घोर आलोचना की। संयुक्त बयान में कहा गया कि क्वाड सदस्य देश आतंकवाद के सभी रूपों और सीमापार आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और आतंकवाद से निपटने में सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराते हैं।
बयान में यह भी कहा गया कि पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। आतंकवादियों, उनके आयोजकों और वित्तपोषकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत को भी प्रमुखता से उजागर किया गया। क्वाड देशों ने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों से आह्वान किया कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत इस मामले में सक्रिय रूप से सहयोग करें और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएं।
क्वाड देशों का यह बयान आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग की आवश्यकता और आतंकवाद से निपटने में मजबूत रणनीति अपनाने के लिए एक स्पष्ट संदेश है।




