नई दिल्ली। भारत में 129 दिनों के बाद एक दिन में 1,000 से अधिक ताजा COVID-19 मामले दर्ज किए गए हैं. इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 5,915 हो गए हैं. 24 घंटे के दौरान कुल 1,071 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि तीन लोगों की मौत के साथ कोरोना के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,802 हो गई है.मरने वालों में एक-एक राजस्थान और महाराष्ट्र और एक मामला केरल से है.
सुबह 8 बजे अपडेट किए गए मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना की शुरुआत से अबतक दर्ज किए गए संक्रमण की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,95,420) है. कुल मामलों में 0.01 प्रतिशत सक्रिय हैं, जबकि राष्ट्रीय COVID-19 रिकवरी दर 98.8 प्रतिशत दर्ज की गई है. इधर वृद्धि के साथ बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4,41,58,703 हो गई है. साथ ही मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है. मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक कोविड टीके की 220.65 करोड़ खुराक दी जा चुकी है.




