भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से 9 बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मौतों के बढ़ते मामलों के बीच ड्रग कंट्रोलर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर स्थित कटारिया फार्मास्युटिकल्स पर छापा मारा। यही कंपनी छिंदवाड़ा में कफ सिरप की सप्लाई कर रही थी। अधिकारियों ने यहां से सिरप के सैंपल जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा में बच्चों की मौतों की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम जबलपुर पहुंची। टीम ने कटारिया फार्मास्युटिकल्स डिस्ट्रीब्यूटर पर कार्रवाई की, जिसने न्यू अपना एजेंसी, आयुष फार्मा और जैन मेडिकल स्टोर्स सहित कई दुकानों पर कफ सिरप सप्लाई की थी।
कटारिया फार्मा ने चेन्नई की एक कंपनी से 660 बोतल कोल्ड्रिफ कफ सिरप मंगाई थी, जिसमें से 594 बोतल छिंदवाड़ा में भेजी गईं। शेष 66 बोतल को सील कर लिया गया है। इनमें से 16 बोतलों के सैंपल जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए हैं।
संयुक्त नियंत्रक टीना यादव ने बताया कि जांच रिपोर्ट एक-दो दिन में आ जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल छिंदवाड़ा में ड्रग पर रोक लगाई गई है, जबकि अन्य जिलों में प्रतिबंध को लेकर अभी कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं।




