गुरुग्राम
गुरुग्राम के सेक्टर 57 इलाके में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। 25 वर्षीय स्टेट लेवल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि राधिका की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने की।
राधिका यादव हरियाणा की एक होनहार टेनिस खिलाड़ी थीं। उन्होंने राज्य स्तरीय कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते थे और परिवार का नाम रोशन किया था। हालांकि, दो साल पहले लगी चोट के कारण वह खेल से दूर हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना शुरू किया और रील्स बनाकर एक डिजिटल इन्फ्लुएंसर बनने की दिशा में काम कर रही थीं।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, राधिका के पिता पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे। जब वह अपने गांव जाते थे, तो लोग राधिका की सोशल मीडिया रील्स को लेकर ताने मारते थे। यह बात उन्हें बुरी तरह खल रही थी और वह खुद को अपमानित महसूस कर रहे थे। इसी तनाव और गुस्से में उन्होंने अपनी बेटी को तीन गोलियां मार दीं।
मुख्यमंत्री ने सूरजपुर दोहरा हत्याकांड में पीड़ित प्रधान आरक्षक के परिजनों को दी 20 लाख की सहायता राशि
घटना के बाद राधिका को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में परिजनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि राधिका ने खुद को गोली मारी। लेकिन जब पुलिस ने गहन पूछताछ की, तो आरोपी पिता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर भी जब्त कर ली गई है। मामले की जांच जारी है। यह घटना न केवल एक बेटी की असमय मौत का दर्दनाक उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव किस हद तक इंसान को अपराध की ओर धकेल सकते हैं।




